बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपना रहे हैं। समस्तीपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने फिल्मी अंदाज में शराब तस्करी का खुलासा करते हुए 2610 लीटर विदेशी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
NH-28 पर संदिग्ध कंटेनर की जांच
उत्पाद विभाग की टीम रात में गश्ती कर रही थी। इसी दौरान उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौड़ स्थित शंकर चौक के पास एनएच-28 पर एक संदिग्ध कंटेनर की जांच की गई।
स्कॉर्पियो में छिपाकर रखी थी शराब
जांच के दौरान कंटेनर के अंदर चार स्कॉर्पियो में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। शराब छिपाने के लिए कंटेनर में तहखाने जैसा इंतजाम किए जाने की बात सामने आई है।
40 लाख रुपये आंकी गई कीमत
मद्य निषेध अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 2610 लीटर है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी। इतनी बड़ी बरामदगी के बाद तस्करी के नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।

