डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : पाकिस्तान के प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट जिले से एक दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। शुक्रवार की नमाज के पावन समय पर ओल्ड पुलिस लाइंस और वहां स्थित मस्जिद के पास एक के बाद एक भीषण आत्मघाती विस्फोट हुए। इस जघन्य आतंकी हमले में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस कायराना हमले के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है।
विस्फोटकों से लदा वाहन गेट से टकराया, ताबड़तोड़ गोलियां भी चलीं
खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हमीद ने मीडिया को जानकारी दी कि यह पूरी तरह से एक सुनियोजित आत्मघाती हमला था। शुरुआती जांच और रिपोर्ट्स के मुताबिक, विस्फोटकों से भरा एक वाहन तेजी से ओल्ड पुलिस लाइंस के मुख्य गेट से जा टकराया, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। इस भयंकर टक्कर और धमाके के तुरंत बाद ताबड़तोड़ गोलीबारी की आवाजें भी सुनाई दी। हालात इतने बेकाबू हो गए कि आतंकवादियों ने स्पेशल ब्रांच की इमारत को भी निशाना बनाया और वहां एक अन्य आत्मघाती विस्फोट को अंजाम दिया गया।
मस्जिद के बाहर बना बड़ा गड्ढा, ढह गई दीवारें
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार धमाका इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद के बाहरी हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा, एक मुख्य दीवार ढह गई और घटनास्थल पर एक बड़ा सा गड्ढा बन गया। इस हमले की चपेट में आने वाले मृतकों और घायलों में कई आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। धमाके के बाद आसपास की कई अन्य इमारतों को भी गंभीर क्षति पहुंची है।
जिला अस्पताल में इमरजेंसी घोषित, कोहाट-हंगू मार्ग बंद
घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू 1122 की टीमों और सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और घायलों को तुरंत जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया। घायलों की भारी संख्या और नाजुक हालत को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इमरजेंसी घोषित कर दी। जिला अस्पताल के डॉक्टर ताहिर अली शाह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में अब तक 15 शवों और 50 से अधिक घायलों को लाया गया है, जिनमें से कई की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। सुरक्षा के लिहाज से एहतियातन कोहाट-हंगू सड़क को पूरी तरह से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
आतंकवाद के खिलाफ ‘लोहे की दीवार’ बनेगी पुलिस: प्रशासन
इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके को सेना और अतिरिक्त सुरक्षा बलों ने घेर लिया है। सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में सघन सर्च और क्लीयरेंस ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि खैबर पख्तूनख्वा पुलिस आतंकवाद के खिलाफ लोहे की दीवार की तरह खड़ी है। इस तरह के कायरतापूर्ण हमले पुलिसकर्मियों का मनोबल नहीं तोड़ सकते।अधिकारियों ने दो टूक कहा कि शहीद हुए जवानों का खून व्यर्थ नहीं जाएगा और इस खूनी खेल को अंजाम देने वाले आतंकवादियों और उनके मददगारों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

