हजारीबाग। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर हजारीबाग के हिंदू स्कूल प्रांगण में एक अनोखा फल बाजार सजाया गया है। यहां छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल बाजार भाव पर नहीं, बल्कि खरीद मूल्य यानी लागत दाम पर बेचे जा रहे हैं। सूर्य षष्ठी छठ पूजा फल वितरण समिति की ओर से इस वर्ष करीब 70 लाख रुपये के फलों का बाजार लगाया गया है।
महंगाई के बीच आम लोगों को बड़ी राहत
त्योहार के दौरान फलों की कीमतों में होने वाली बढ़ोतरी के बीच यह पहल आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस बाजार की खास बात यह है कि यहां फल बिक्री का उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि छठ व्रतियों और आम लोगों को उचित कीमत पर पूजा सामग्री उपलब्ध कराना है।
समाज के विभिन्न वर्ग मिलकर संभाल रहे जिम्मेदारी
इस अनोखी व्यवस्था को समाज के युवा, शिक्षक, अधिवक्ता, पत्रकार और समाजसेवी मिलकर संचालित करते हैं। बाजार लगाने से करीब एक महीने पहले समिति के सदस्य समाज के लोगों से सहयोग राशि एकत्र करते हैं। इसी राशि से फलों की खरीदारी की जाती है और उन्हें लागत मूल्य पर बेचा जाता है।
बिक्री की पूरी राशि सहयोगकर्ताओं को लौटाई जाती है
फलों की बिक्री से प्राप्त पूरी राशि सहयोगकर्ताओं को वापस कर दी जाती है। इस तरह हजारीबाग का यह अनोखा फल बाजार सेवा, सहयोग और सामाजिक समर्पण की मिसाल पेश कर रहा है।

