डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :आजकल साइबर अपराधी लोगों को कम समय में पैसे दोगुना करने और शेयर बाजार में भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला जमशेदपुर का है, जहां ठगों ने दो अलग-अलग घटनाओं में लोगों को चूना लगाया है। पहला मामला गोविंदपुर का है। गोविंदपुर के एक व्यक्ति को टेलीग्राम पर एक लिंक भेजा गया, जिसके माध्यम से उसे ट्रेडिंग करने और पैसे कमाने का लालच दिया गया। शुरुआत में छोटे निवेश पर भारी रिटर्न दिखाकर उसका भरोसा जीता गया। इसके बाद यूपीआई खातों के जरिए कुल 6 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। जब पीड़ित ने अपने मुनाफे के साथ मूलधन निकालना चाहा, तो ठगों ने टैक्स और अन्य शुल्कों के नाम पर और पैसों की मांग की और फिर संपर्क तोड़ दिया।
दूसरे मामले में बारीडीह बस्ती के रहने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी इसी तरह झांसे में लिया गया। बैंक कर्मचारी बनकर आए एक कॉल के जरिए पीड़ित का भरोसा जीता गया और इंटरनेट बैंकिंग सेवा शुरू करने के बहाने उसका मोबाइल फोन हैक कर लिया गया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 2.99 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी सलाह
सावधानी ही बचाव है: किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करके ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड न करें और न ही सोशल मीडिया पर मिलने वाले लुभावने वादों (कम समय में पैसा दोगुना करने) के झांसे में आएं। अपनी बैंकिंग डिटेल्स या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। अगर आपके साथ भी इस तरह की कोई ठगी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी साइबर थाने से संपर्क करें।

