गढ़वा, कांडी। प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर झामुमो कांडी प्रखंड कमिटी ने मीडिया पैनलिस्ट सह केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे के नेतृत्व में उपायुक्त को सात सूत्री मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
जर्जर प्रखंड भवन की जांच की मांग
कांडी प्रखंड मुख्यालय भवन की जर्जर स्थिति को लेकर पार्टी ने निर्माण गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच और तत्काल मरम्मत की मांग की। छत से पानी रिसने के कारण कर्मियों और आम लोगों को परेशानी होने की बात कही गई।
तीन साल से जमे कर्मियों का हो तबादला
झामुमो ने तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित कर्मचारियों के स्थानांतरण की मांग की। इसके लिए सरकार और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही गई।
नीलगाय से फसल बचाने की मांग
कांडी के विभिन्न इलाकों में नीलगाय से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया गया। पार्टी ने किसानों को सरकारी मुआवजा और क्षतिपूर्ति प्रावधानों की जानकारी देने के लिए गांव-पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।
नदी कटाव से कृषि भूमि बचाने पर जोर
सोन और कोयल नदी के किनारे कृषि भूमि में हो रहे कटाव को लेकर स्थल निरीक्षण और सर्वेक्षण की मांग की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में तटबंध और जरूरी सुरक्षात्मक संरचनाओं के निर्माण का प्रस्ताव सरकार को भेजने की बात कही गई।
अतिक्रमण हटाने की मांग
सरकारी भूमि, सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण का मामला भी उठाया गया। झामुमो ने सर्वेक्षण कराकर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की मांग की।
बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग
हल्की बारिश या मौसम खराब होने पर लंबे समय तक बिजली बाधित होने की समस्या को लेकर विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग की गई। खराब उपकरणों की मरम्मत और बाधित आपूर्ति जल्द बहाल करने पर जोर दिया गया।
पीडीएस और खाद-बीज दुकानों की निगरानी
जन वितरण प्रणाली की दुकानों तथा खाद-बीज दुकानों की नियमित जांच की मांग की गई। पार्टी ने पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न और किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की बात कही।

