झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर टूटा दुखों का पहाड़, मां रूपी सोरेन का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के परिवार से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन का बुधवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रही थी। उनके यूं चले जाने से पूरे राजनीतिक जगत और सोरेन परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

दिल और दिमाग से जुड़ी थी गंभीर बीमारियां
​प्राप्त जानकारी के अनुसार रूपी सोरेन लंबे वक्त से अस्वस्थ थीं। उन्हें दिल और मस्तिष्क से जुड़ी परेशानियां थी। कुछ समय पहले ही उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद के एक अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। वहां से लौटने के बाद अचानक उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें रांची के ‘हिल व्यू अस्पताल’ में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। डॉक्टरों की एक विशेष टीम लगातार उनकी सेहत की मॉनिटरिंग कर रही थी, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

बेटे का कर्तव्य: मां की खातिर रद्द किए सभी सरकारी कामकाज
​मां की बिगड़ती और नाज़ुक हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सभी पूर्व निर्धारित सरकारी कार्यक्रम और बैठकें तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी थी। वे अपनी व्यस्तताओं के बीच लगातार डॉक्टरों से संपर्क साधे हुए थे और मां के स्वास्थ्य की पल-पल की जानकारी ले रहे थे। माता की गंभीर स्थिति को देखते हुए ही राज्य की कैबिनेट बैठक को भी स्थगित कर दिया गया था। बुधवार दोपहर से ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ मंत्री अस्पताल पहुंचना शुरू हो गए थे, जहां परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। इस कठिन समय में झारखंड के तमाम गणमान्य लोगों और राजनीतिक दलों के नेताओं ने मुख्यमंत्री के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।

Share This Article