डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : झारखंड के गोड्डा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। हंसडीहा-पोड़ैयाहाट एनएच फोरलेन पर एक भीषण सड़क हादसे में युवा कांग्रेस के जिला महासचिव दीपक कुमार मंडल की मौत हो गई, जबकि पूर्व प्रदेश सचिव विकास कुमार सिंह समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी लोग एक ही स्कॉर्पियो में सवार होकर पश्चिम बंगाल के तारापीठ मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन बना काल
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गोड्डा से छह लोग एक काले रंग की स्कॉर्पियो (संख्या: JH 17 Z 9189) से देर रात करीब 11 बजे तारापीठ के लिए निकले थे। वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। जब गाड़ी पोड़ैयाहाट के कारूडीह चावल मिल के पास पहुंची, तो चालक ने नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे कई बार पलट गई और काफी दूर तक घिसटते हुए पास ही रखे पानी के बड़े पाइप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
इस भयावह दुर्घटना में गाड़ी में सवार दीपक मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विकास कुमार सिंह, रामगोपाल कृष्ण, जितेंद्र मंडल, नीतीश कुमार और अमित कुमार बुरी तरह घायल हो गए। शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि वाहन जितेंद्र मंडल का था, जिसे घटना से कुछ ही मिनट पहले रामगोपाल यादव ने चलाना शुरू किया था। मृतक दीपक मंडल गोड्डा सदर प्रखंड के गायछांद के रहने वाले थे और हाल ही में सरकंडा में रह रहे थे। वे अपने पीछे दो मासूम बच्चियों और पत्नी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
रेस्क्यू और उच्चाधिकारियों की तत्परता
हादसे के बाद घायल विकास कुमार सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए गोड्डा के डीएसपी मुख्यालय जेपीएन चौधरी को फोन पर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और पोड़ैयाहाट थाने की टीम को मौके पर भेजकर घायलों को तुरंत गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पोड़ैयाहाट विधायक सह सीएलपी लीडर प्रदीप यादव देर रात ही सदर अस्पताल पहुंच गए और पूरी स्थिति का जायजा लिया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची, भागलपुर और कोलकाता रेफर कर दिया। सुबह होते ही अस्पताल में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, इफतेखार, चेयरमैन प्रतिनिधि मुकेश रमाणी, समाजसेवी सुमन कुमार दास और भाजपा नेता बब्लु सिंह समेत कई गणमान्य लोग पहुंचे और इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया। फिलहाल, पोड़ैयाहाट थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

