पलामू में JPSC-JSSC परीक्षा गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, SDPO से भिड़े कार्यकर्ता

Reena Sharma
2 Min Read

समाहरणालय गेट पर एसडीपीओ और भाजपा नेताओं के बीच हुई बहस

पलामू: रांची में छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे और जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन किया। पलामू समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन के दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और सदर एसडीपीओ राजेश यादव के बीच बहस हो गई। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान पलामू सांसद विष्णुदयाल राम का भाषण चल रहा था। इसी क्रम में सदर एसडीपीओ राजेश यादव कार्यालय जाने के लिए पहुंचे।

समाहरणालय गेट बंद होने पर शुरू हुआ विवाद

समाहरणालय का गेट बंद होने के कारण एसडीपीओ ने गेट खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बहस हो गई। बाद में पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश से भी एसडीपीओ की बहस हुई। स्थिति को देखते हुए एसडीपीओ दूसरे रास्ते से अपने कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस पर लगाया दमन का आरोप

भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत जनतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि रांची में छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसी तरह का व्यवहार पलामू में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर रही है। उन्होंने कहा कि लाठी और ताकत के बल पर पलामू के भाजपा कार्यकर्ताओं को दबाया नहीं जा सकता।

Advertisement

Share This Article