बिना OTP और लिंक के खाते से रकम गायब
दुर्गापुर में एक कारोबारी के बैंक खाते से छह लाख रुपये कटने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कारोबारी का कहना है कि उसने ना तो किसी को OTP बताया, ना किसी लिंक पर क्लिक किया और ना ही किसी संदिग्ध कॉल का जवाब दिया। इसके बावजूद उसके खाते से एक साथ छह लाख रुपये गायब हो गए। मोबाइल पर रकम कटने का मैसेज पहुंचते ही कारोबारी और उसके परिवार के होश उड़ गए।
बैंक को पहले दी सूचना, फिर आया बड़ा झटका
दुर्गापुर के विधाननगर इलाके के कारोबारी प्रबुद्ध गुहा ने सोमवार को अपने मोबाइल पर कई फोन कॉल आते देखे। कॉल संदिग्ध लगने पर उन्होंने किसी का जवाब नहीं दिया और मामले की जानकारी तुरंत बैंक अधिकारियों को दी। आरोप है कि बैंक को सूचना देने के कुछ घंटे बाद ही उनके मोबाइल पर छह लाख रुपये डेबिट होने का मैसेज आया। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
इलाज और बेटे की पढ़ाई के लिए जमा थी रकम
परिवार का दावा है कि खाते में जमा छह लाख रुपये इलाज के खर्च और बेटे के दाखिले के लिए रखी गई उनकी आखिरी जमा पूंजी थी। अचानक पूरी रकम गायब होने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई। घटना को लेकर प्रशासन के विभिन्न विभागों में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
साइबर ठगी के नए तरीके ने बढ़ाई चिंता
दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र में इस घटना के बाद साइबर ठगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। इन दिनों साइबर ठग लोगों के खातों से रकम निकालने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। आमतौर पर OTP, संदिग्ध लिंक या फोन का एक्सेस हासिल कर ठगी की जाती है, लेकिन इस मामले में कारोबारी के किसी OTP साझा ना करने और लिंक पर क्लिक ना करने के दावे ने जांच को और गंभीर बना दिया है।

