देवघर में कार्बाइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था हथियार सप्लायर, गिरफ्तार; 2 मैगजीन बरामद

Reena Sharma
3 Min Read

देवघर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से कार्बाइन मशीन गन और दो मैगजीन बरामद की हैं। मामले का खुलासा देवघर एसपी आईपीएस प्रवीण पुष्कर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।

कोरियासा मैदान में हथियार बेचने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान में एक व्यक्ति द्वारा अवैध हथियार बेचने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में कुंडा थाना की पुलिस टीम ने छापेमारी की और सूरज कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सूरज देवघर के रोहिणी का रहने वाला है और मूल रूप से बिहार का निवासी बताया गया है।

पूछताछ में हथियार नेटवर्क से जुड़े सुराग

पूछताछ में पुलिस को हथियारों के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, सूरज कुमार वर्ष 2022 में बसतपुर में बालू घाट का टेंडर लेने वाले दीपक झा के लिए काम करता था। कथित तौर पर बाबा परहिया गिरोह की ओर से रंगदारी की धमकी मिलने के बाद दीपक की सुरक्षा के लिए सूरज ने बिहार के मुंगेर से पिस्टल और कार्बाइन मशीन गन जैसे हथियार उपलब्ध कराये थे।

Advertisement

हथियार बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था

पुलिस के अनुसार, हाल में दीपक झा ने सूरज को हथियार की जरूरत नहीं होने की बात कहते हुए उसे ठिकाने लगाने को कहा था। इसके बाद सूरज ने कार्बाइन को पेंट कर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाशना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई में वह पकड़ा गया।

सूरज का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक, सूरज कुमार के खिलाफ देवघर के देवीपुर में शराब दुकान में हथियार के बल पर लूट का मामला दर्ज है। इसके अलावा बिहार के बांका में अवैध शराब तस्करी के मामले में वह जेल भी जा चुका है।

अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी

फिलहाल पुलिस दीपक झा से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े अन्य अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई जारी है।

Share This Article