​देवी दुर्गा सम्मान 2026: जानिए किसे मिला कोलकाता की बेस्ट पूजा का ताज?

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : कोलकाता की विश्व प्रसिद्ध दुर्गा पूजा का उत्साह इस साल भी चरम पर रहा। पश्चिम बंगाल सरकार के प्रतिष्ठित ‘देवी दुर्गा सम्मान 2026’ के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें शहर के नामी आयोजकों ने अपनी कला और रचनात्मकता का लोहा मनवाया है।
​राज्य के सूचना व संस्कृति विभाग द्वारा कोलकाता नगर निगम और कोलकाता पुलिस के सहयोग से आयोजित इस समारोह में इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सूचना व संस्कृति राज्यमंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती ने विजेताओं के नामों की आधिकारिक घोषणा करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

संतोष मित्रा स्क्वायर बना ‘सेरार सेरा’
​इस साल का सर्वोच्च और सबसे प्रतिष्ठित खिताब ‘सेरार सेरा’ (सर्वश्रेष्ठ में सर्वश्रेष्ठ) का पुरस्कार संतोष मित्रा स्क्वायर ने अपने नाम किया है। अपनी भव्य थीम, अनूठी सजावट और भारी जनसैलाब को आकर्षित करने के लिए मशहूर इस पूजा समिति ने एक बार फिर बाजी मारी है। इसके अलावा, वृंदावन गार्डेन दुर्गापूजा समिति को दूसरा और चोरबागान सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।

इन समितियों को मिला प्रतिमा और मंडप का ताज
​विभिन्न छह श्रेणियों में कुल 23 प्रविष्टियों को सम्मानित किया गया।
​सेरा प्रतिमा (सर्वश्रेष्ठ मूर्ति): इस श्रेणी में मुदियाली क्लब ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, टाला बारोवारी दुर्गोत्सव समिति दूसरे और बेहाला अरुणोदय समिति तीसरे स्थान पर रही। इसके अलावा अहिरीटोला सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति को भी सम्मानित किया गया।
​सेरा मंडप (सर्वश्रेष्ठ पंडाल): कलात्मक पंडाल निर्माण के लिए खिदिरपुर के 25 पल्ली क्लब और आमरा क जन कल्याण समिति को पुरस्कार से नवाजा गया।
​रोशनी, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता में भी लहराया परचम
​कला और संस्कृति के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने वाली समितियों को भी सराहा गया।
​सेरा आलो सज्जा (सर्वश्रेष्ठ रोशनी): लाइटिंग के जादू के लिए संतोषपुर एवेन्यू साउथ को पहला स्थान मिला। बकुलबागान सार्वजनिक दुर्गोत्सव दूसरे और शिवमंदिर सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति तीसरे स्थान पर रहे।
​सेरा परिवेश बंधब (पर्यावरण अनुकूल पूजा): पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली नलिन सरकार स्ट्रीट सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति को पहला पुरस्कार मिला। इसके साथ ही एलन पार्क (पार्क स्ट्रीट) और राजडांगा नब उदय संघ को भी इस श्रेणी में स्थान मिला।
​सेरा समाज सचेतनता (सामाजिक जागरूकता): समाज को सकारात्मक संदेश देने के लिए काशी बोस लेन दुर्गापूजा समिति को शीर्ष स्थान मिला। इस श्रेणी में बालीगंज कल्चरल एसोसिएशन, चक्रबेरिया सार्वजनिक दुर्गोत्सव और अजेय संहति को भी सम्मानित किया गया।

विशेष पुरस्कार
​उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चार अन्य पूजा समितियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिनमें बीजी लाइंस आवासिक दुर्गापूजा समिति, श्याम स्क्वायर, ठाकुरपुकुर स्टेट बैंक सार्वजनिक दुर्गोत्सव (एसबी पार्क) और समाज सेवी संघ के नाम शामिल हैं।

Share This Article