धनबाद। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 का आयोजन 1 नवंबर को धनबाद के 108 केंद्रों पर दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा में करीब 48 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। न्यू टाउन हॉल में हुई बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
दो पालियों में होगी परीक्षा, पहली में 38 हजार अभ्यर्थी
प्रत्येक पाली की अवधि ढाई घंटे होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें 38 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं, दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी, जिसमें करीब 10 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी, लाठी बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। केंद्रों पर सिंगल गेट एंट्री, सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी और उड़नदस्ता दलों की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास बीएनएसएस की धारा 163 लागू रहेगी।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रोक
अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, पेजर, कैलकुलेटर और डिजिटल डायरी सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बैग, पर्स, पाउच, स्कार्फ और बेल्ट भी प्रतिबंधित रहेंगे। प्रवेश से पहले महिला और पुरुष कर्मियों द्वारा जेंडर के अनुसार अभ्यर्थियों की सघन शारीरिक जांच की जाएगी।
सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखे जाएंगे। प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट खोलने और अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों और वज्रगृह परिसर में मीडियाकर्मियों सहित अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
कदाचार करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
परीक्षा में नकल या अन्य कदाचार करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने और जैक के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। नगर आयुक्त ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक जानकारी और निर्देश दे दिए गए हैं।

