धनबाद। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत जिला डाटा मैनेजर सीमा कुमारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। हीरापुर निवासी श्याममल मुखर्जी की शिकायत पर अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके बाद सिविल सर्जन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है।
तीन सदस्यीय कमेटी ने संभाली जांच
जांच कमेटी में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉक्टर रोहित गौतम, जिला टीबी पदाधिकारी डॉक्टर रेखा नायक और डॉक्टर सुनील कुमार को शामिल किया गया है। कमेटी आरोपों की जांच करेगी।
लाइसेंस के नाम पर रकम मांगने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सीमा कुमारी निजी अस्पतालों के लाइसेंस और रिन्यूअल के नाम पर रकम की मांग करती हैं। रकम नहीं देने पर अस्पतालों और जांच घरों के लाइसेंस लंबित रखने का आरोप लगाया गया है।
दो माह तक फाइल में दबा रहा निर्देश
शिकायतकर्ता के अनुसार अपर मुख्य सचिव के निर्देश के बावजूद करीब दो महीने तक जांच की फाइल स्वास्थ्य विभाग में लंबित रही। उपायुक्त के निर्देश के बाद अब जांच शुरू की गई है।
पुरानी शिकायतों पर भी उठे सवाल
हाजरा नर्सिंग होम अग्निकांड मामले में भी पूर्व सिविल सर्जन डॉक्टर आलोक विश्वकर्मा और सीमा कुमारी पर आरोप लगे थे। वहीं, विभागीय कर्मचारी सुदर्शन पर दस्तावेज गायब करने के आरोप में बनी कमेटी की कार्रवाई भी अब तक लंबित बताई जा रही है।

