नियोजन और बहाली की मांग पर आंदोलन तेज
धनबाद, निरसा। दहीबाड़ी कोलवाशरी में नियोजन और हटाए गए मजदूरों की बहाली की मांग को लेकर 25 अगस्त से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना अब भूख हड़ताल में बदल गया है। प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ 5 मजदूरों ने आज से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी।
धरना स्थल पर पहुंचे भाकपा माले नेता
कोलवाशरी के मुख्य द्वार पर चल रहे धरने की अध्यक्षता भाकपा माले के वरिष्ठ नेता मनोरंजन मल्लिक कर रहे हैं, जबकि संचालन अभय प्रसाद सिंह कर रहे हैं। धरना स्थल पर पहुंचे भाकपा माले के नेताओं और पदाधिकारियों ने भूख हड़ताल पर बैठे उमेश चौहान, जितेंद्र चौहान, वैद्यनाथ रविदास, उप कुमार मंडल और जयंतो मंडल का माला पहनाकर स्वागत किया।
मजदूरों के समर्थन में प्रबंधन पर उठे सवाल
भाकपा माले नेता उपेंद्र सिंह ने कहा कि मजदूरों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दर्जनों मजदूरों को काम से बैठा दिया गया है और प्रबंधन ने वार्ता की पहल नहीं की। उन्होंने बीसीसीएल सीएमडी से मामले में हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग की।
मांग नहीं मानी तो चक्का जाम की चेतावनी
भाकपा के वरिष्ठ नेता अगम राम ने कहा कि वाशरी निर्माण के दौरान कई स्थानीय लोग विस्थापित हुए थे और स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता देने का वादा किया गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द पहल नहीं हुई तो बीसीसीएल सीवी एरिया-12 में चक्का जाम किया जाएगा और आंदोलन और तेज होगा। भाकपा माले ने भी इस लड़ाई को आर-पार तक ले जाने की बात कही। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में मजदूर और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

