पूर्व डीजीपी को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के बहाने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया के एक्स हैंडल पर पोस्ट कर JSSC-CGL मामले में अनुराग गुप्ता की भूमिका की निष्पक्ष जांच और दोष साबित होने पर कार्रवाई की मांग की।
जांच प्रभावित करने के आरोपों पर उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि JSSC-CGL मामले की जांच को प्रभावित करने, उसे गलत दिशा में ले जाने और डिजिटल साक्ष्यों को नष्ट कराने के आरोपों से घिरे पुलिस अधिकारी अनुराग गुप्ता पर कार्रवाई करने में मुख्यमंत्री की हिचकिचाहट कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने पूछा कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि अनुराग गुप्ता छात्रों के पेपर लीक के आरोपों को गलत साबित करने पर आमादा थे।
CID जांच की निष्पक्षता पर भी सवाल
उन्होंने कहा कि जिस अधिकारी की भूमिका पर जांच प्रभावित करने के गंभीर सवाल खड़े हों, उस पर कार्रवाई किए बिना CID की जांच और उसकी निष्पक्षता पर भरोसा कैसे किया जा सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि अनुराग गुप्ता खुलेआम मीडिया के सामने आकर पेपर लीक के आरोपों को खारिज करने की कोशिश क्यों कर रहे थे।
मुख्यमंत्री से कार्रवाई की सीधी मांग
मरांडी ने मुख्यमंत्री से कहा कि झारखंड के लाखों युवा बेरोजगारों के भविष्य को देखते हुए इस मामले में हिम्मत दिखानी चाहिए। उन्होंने अनुराग गुप्ता की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने और दोष साबित होने पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में अधिकारियों के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का डर खत्म हो जाएगा।

