पटना के अटल पथ पर मौत बनकर दौड़ी स्कॉर्पियो, 2 किशोरों की मौत; 4 घायल

Reena Sharma
2 Min Read

पटना के अटल पथ पर रविवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचल दिया। हादसे में अमरजीत कुमार (17) और अंकेश कुमार (16) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हैं। घटना पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेशनगर के पास हुई।

80 मीटर दूर जाकर पलटी गाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। गाड़ी एक चक्के पर घूमने के बाद पलट गई और करीब 80 मीटर दूर जाकर गिरी। इस दौरान करीब 200 मीटर के दायरे में कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

दुर्गा पूजा का मेला देखकर लौट रहे थे युवक

घायल रणवीर कुमार ने बताया कि वे 7 लोग दुर्गा पूजा का मेला देखकर पैदल घर लौट रहे थे, तभी स्कॉर्पियो ने उन्हें कुचल दिया। वहीं, सत्येंद्र मिस्त्री के अनुसार, उनका बेटा दीपक कुमार राज मेला देखने निकला था और हादसे का शिकार हो गया। वह नौवीं कक्षा का छात्र है।

सड़क पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर घायल लोग तड़पते दिखे और स्कॉर्पियो के कांच के टुकड़े बिखरे पड़े थे। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच ले जाए गए।

स्कॉर्पियो पर लगा था जेडीयू का झंडा

हादसे में शामिल स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 JY 6754 बताया गया है। गाड़ी पर जेडीयू का झंडा लगा था। दुर्घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की जानकारी सामने आएगी।

Share This Article