पति ड्यूटी पर, पत्नी स्कूल में… जमशेदपुर में टाटा कर्मी के घर हुई 40 लाख की चोरी से पुलिस भी हैरान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। क्रॉस रोड नंबर-20 स्थित क्वार्टर संख्या एल-4/11 में दिनदहाड़े लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। यह क्वार्टर टाटा स्टील के कर्मचारी सुब्रतो दास का है।

कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?
घटना के वक्त सुब्रतो दास अपनी ड्यूटी पर थे और उनकी पत्नी अंबिका दास पास के रामकृष्ण मिशन स्कूल में पढ़ाने गई हुई थी। दोपहर करीब 12:45 बजे जब सुब्रतो दास वापस घर लौटे, तो उन्होंने मुख्य दरवाजा खुला पाया और अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने घर में रखी दो आलमारियों के ताले तोड़कर उसमें रखे 30 हजार रुपये नकद और लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज
परिवार द्वारा घटना की सूचना तुरंत सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी फैज़ अहमद ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है। आसपास खंगाले गए सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध व्यक्ति की हरकतें कैद हुई हैं। फुटेज के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति क्वार्टर के पीछे के रास्ते से घर के अंदर घुसा और कुछ देर बाद बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और चोरी गए सामान का सटीक आकलन करने में जुटी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है। पुलिस का दावा है कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

Advertisement
Share This Article