धावा कशर प्लांट से गिट्टी ले जाते पकड़ा गया हाइवा
पलामू पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 7 सितंबर 2026 को चैनपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए फर्जी चालान के जरिए अवैध रूप से गिट्टी (स्टोन चिप्स) का परिवहन कर रहे एक हाइवा को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, वाहन धावा कशर प्लांट से गिट्टी लोड कर ले जा रहा था। चालक से पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ में फर्जी तरीके से मध्य प्रदेश शासन का चालान एवं परमिट लेकर चैनपुर से गिट्टी लोड कर परिवहन करने और राजस्व को नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई।
कई धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में सदर थाना कांड संख्या-101/2026, दिनांक 8 सितंबर 2026 को बीएनएस की धारा 303(2), 317(5), 338, 336(3), 340(2), 318(4), 3(5), खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम की धारा 4/21 तथा झारखंड लघु खनिज रियायत नियम की धारा 54 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बिहार और पलामू के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में निरज कुमार (27 वर्ष), पिता अशोक सिंह, ग्राम करमा, थाना जमहोर, जिला औरंगाबाद (बिहार) तथा धर्मेंद्र कुमार, पिता श्यामदेव यादव, ग्राम ढाब, थाना हरिहरगंज, जिला पलामू शामिल हैं।
हाइवा, मोबाइल और फर्जी दस्तावेज बरामद
पुलिस ने मौके से टाटा कंपनी का सिग्ना 18 चक्का हाइवा, रजिस्ट्रेशन संख्या BR26GC-7879, एक मोबाइल फोन तथा फर्जी चालान एवं परमिट बरामद किया है। कार्रवाई करने वाली छापामारी टीम में सदर थाना प्रभारी पु०अ०नि० अफजल अंसारी और सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

