पलामू : भारत गैस एजेंसी चोरीकांड का 48 घंटे में खुलासा, 2.43 लाख रुपये बरामद

Reena Sharma
2 Min Read

चोरी की वारदात का पुलिस ने किया उद्भेदन, एक आरोपी गिरफ्तार

हैदरनगर, पलामू: अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद दिव्यांश शुक्ला (भापुसे) के नेतृत्व में हैदरनगर थाना पुलिस ने भारत गैस एजेंसी में हुई चोरीकांड का 48 घंटे के अंदर उद्भेदन कर लिया। हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि हैदरनगर थाना अंतर्गत ग्राम भाई बिगहा में संचालित भारत गैस एजेंसी में 06 सितंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने करीब 2,59,000 रुपये की चोरी कर ली थी। इस संबंध में एजेंसी के प्रोपराइटर ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में हैदरनगर थाना कांड संख्या 67/2026, दिनांक 08.09.2026, धारा 331(4)/305 बीएनएस 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

प्राथमिकी अभियुक्त शमीम खान गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त शमीम खान, उम्र 41 वर्ष, पिता यासीन खान, निवासी भाई बिगहा ब्लॉक रोड, हैदरनगर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपराध स्वीकार किया।

बालू के अंदर छिपाकर रखे थे चोरी के रुपये

अभियुक्त के अपराध स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के पास रखे बालू के अंदर से चोरी किए गए कुल 2,43,250 रुपये बरामद किए। पुलिस ने बरामद राशि को जब्त कर मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Advertisement

Share This Article