डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अंबाला रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर चल रहे बुनियादी ढांचे के विकास और निर्माण कार्यों के कारण रेल यातायात में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। उत्तर प्रशासन द्वारा लिए गए ट्रैफिक ब्लॉक के मद्देनजर चक्रधरपुर रेल मंडल से संचालित होने वाली चार लंबी दूरी की महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया गया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इन गाड़ियों के संचालन समय में यह बदलाव किया है, जिससे इस रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इन ट्रेनों का रहेगा मोहाली स्टेशन पर ठहराव
टाटानगर -जम्मू तवी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18101): यह ट्रेन 13 अक्टूबर तक मोहाली स्टेशन पर रुकेगी।
जम्मूतवी – टाटानगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18102): वापसी दिशा में यह गाड़ी 09 सितंबर से 13 अक्टूबर के बीच मोहाली में ठहराव लेगी।
संभलपुर – जम्मू तवी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18309): इस एक्सप्रेस ट्रेन का मोहाली स्टेशन पर ठहराव 08 सितंबर से 13 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा।
जम्मूतवी – संभलपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18310): यह ट्रेन 09 सितंबर से 13 अक्टूबर तक मोहाली रेलवे स्टेशन पर रुकेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह अस्थायी व्यवस्था ट्रैफिक ब्लॉक की अवधि तक ही लागू रहेगी। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे के आधिकारिक पोर्टल या पूछताछ केंद्र से गाड़ियों के निर्धारित समय और ठहराव की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

