पानी-पानी जमशेदपुर: लगातार बारिश से सड़कों पर जलजमाव, जनजीवन प्रभावित

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। पिछले दो दिनों से भारी बारिश शहर को भिगो रही है। शुक्रवार को भी बारिश का दौर जारी रहने से शहर के कई हिस्सों में सड़कें पानी से लबालब नजर आई। जगह-जगह जलजमाव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान सड़कों पर पानी जमा होने से दोपहिया और छोटे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई जगह वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। बारिश के कारण बाजारों और प्रमुख सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम दिखाई दी।

नालियों की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार बारिश के बीच जलजमाव ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। कई इलाकों में नालियों में कचरा जमा होने के कारण बारिश का पानी तेजी से निकल नहीं पा रहा है। इससे सड़कों पर पानी जमा होने की समस्या बढ़ रही है। हालिया बारिश के दौरान भी शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की शिकायतें सामने आई हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने झारखंड में 25 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। 26 और 27 सितंबर को भी गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी है। लगातार बारिश के बीच चांडिल डैम का जलस्तर भी बढ़ा है और नौ गेट खोले जाने की जानकारी सामने आई है। स्वर्णरेखा और खरकई नदियों के जलस्तर में भी वृद्धि दर्ज की गई है, जिसके चलते निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। फिलहाल शहर में बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। आने वाले घंटों में बारिश जारी रहने पर जलजमाव की समस्या और बढ़ सकती है।

Advertisement
Share This Article