पुनासी डैम के मुख्य गेट पर लटका ताला, अंदर पसरा सन्नाटा; परिसर में बेखौफ घूमती दिखीं बकरियां, पर्यटकों की आवाजाही ठप

Reena Sharma
3 Min Read

देवघर के पुनासी जलाशय योजना (Punasi Reservoir Scheme) परिसर की मौजूदा स्थिति सामने आई है। परिसर से सामने आए वीडियो में जल संसाधन विभाग, झारखंड सरकार की ओर से लगाए गए आधिकारिक सूचना बोर्ड के बाद जलाशय में प्रवेश करने वाले स्टेनलेस स्टील के मुख्य सुरक्षा गेट पर ताला लटका नजर आ रहा है।

गेट बंद होने के कारण पर्यटकों की आवाजाही भी प्रभावित दिखाई दे रही है। वहीं, परिसर के अंदर की स्थिति देखकर इसकी देखरेख और नियमित गतिविधियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मुख्य गेट पर लटका ताला, प्रवेश बंद

वीडियो में पुनासी जलाशय परिसर का मुख्य सुरक्षा गेट बंद नजर आ रहा है। स्टेनलेस स्टील से बने इस गेट पर ताला लगा हुआ है। गेट के बाहर जल संसाधन विभाग, झारखंड सरकार का आधिकारिक सूचना बोर्ड भी दिखाई दे रहा है। फिलहाल परिसर में आम लोगों और पर्यटकों की आवाजाही बंद नजर आ रही है।

अंदर सुनसान पड़ा जलाशय परिसर, रास्ते पर घूमती दिखीं बकरियां

दूसरे वीडियो में गेट के अंदर बने पक्के रास्ते और आसपास की संरचनाएं दिखाई दे रही हैं। परिसर के अंदर कुछ बकरियां भी खुलेआम घूमती नजर आ रही हैं। पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। वीडियो में पर्यटकों या अन्य लोगों की कोई खास आवाजाही दिखाई नहीं दे रही है।

गेट बंद रखने के पीछे सुरक्षा और स्वच्छता का हवाला

गौरतलब है कि पुनासी डैम का गेट बंद रखे जाने को लेकर विधायक प्रतिनिधि हैदर खान ने बताया था कि फिलहाल बारिश का मौसम नहीं होने के कारण पर्यटकों की आवाजाही कम है। इसके अलावा कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा परिसर में गंदगी फैलाने और खिड़कियां, खाने-पीने की सामग्री व बोतलें फेंकने जैसी गतिविधियां भी सामने आई थीं। इसी को देखते हुए सुरक्षा और स्वच्छता के मद्देनजर गेट बंद रखने की बात कही गई थी।

पर्यटकों के लिए कब खुलेगा पुनासी डैम?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुनासी जलाशय जैसे महत्वपूर्ण और आकर्षक पर्यटन स्थल को पर्यटकों के लिए व्यवस्थित तरीके से कब खोला जाएगा? परिसर की सुरक्षा, साफ-सफाई और रखरखाव की स्थायी व्यवस्था कब सुनिश्चित होगी? स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहा है कि प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर इस स्थल को पर्यटन के लिहाज से बेहतर बनाने के लिए ठोस पहल कब की जाएगी।

Share This Article