Chhath Puja 2026: जमशेदपुर में भारी वाहनों के पहियों पर लगा ब्रेक, कल दिन के 11 बजे तक लागू रहेगा यह सख्त नियम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लोकआस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने कमर कस ली है। घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए इस बार सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख छठ घाटों की निगरानी अब आसमान से ड्रोन कैमरों और जमीन पर ‘शक्ति कमांडो’ व एनडीआरएफ की टीमें करेंगी।

घाट पर जगह घेरने को लेकर सिटी एसपी ने साफ की स्थिति
शनिवार शाम सिटी एसपी ललित मीना ने साकची स्थित सुवर्णरेखा छठ घाट का औचक निरीक्षण कर तैयारियों को परखा। इस दौरान उन्होंने नदी के जलस्तर, सुरक्षा मानकों और ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की। घाटों पर पहले से जगह घेरने और कब्जा करने की शिकायतों पर सिटी एसपी ने दो-टूक कहा कि प्रशासन और जुस्को की सफाई के बाद कई श्रद्धालु अपने परिवार के लिए कुछ हिस्से की खुद सफाई करते हैं, जिसे कब्जा नहीं कहा जा सकता। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जगह साफ करने वाले लोग वहां पूजा जरूर करें, लेकिन वे किसी भी अन्य श्रद्धालु को वहां अर्घ्य देने से रोक या वंचित नहीं कर सकते।

खाली घरों की सुरक्षा और विशेष ट्रैफिक प्लान
दूसरी ओर, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हाई-लेवल मीटिंग की। एसएसपी ने निर्देश दिया कि अर्घ्य के समय लोग घरों में ताला लगाकर घाट जाते हैं, ऐसे में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए टाइगर मोबाइल और बाइक दस्ता लगातार गश्त करेगा। इसके साथ ही अवैध शराब और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।

नो-एंट्री अलर्ट: महापर्व के दौरान शहर में जाम न लगे, इसके लिए 16 नवंबर की सुबह 11 बजे तक पूरे क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश (नो-एंट्री) पर पूरी तरह रोक रहेगी।

आपातकालीन सुविधा: किसी भी आकस्मिक चिकित्सा स्थिति से निपटने के लिए घाटों के आसपास एंबुलेंस तैनात की गई हैं।

प्रशासनिक निगरानी: पुलिस के साथ-साथ सीओ और बीडीओ भी लगातार घाटों की व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

Share This Article