प्रेम मंदिर में गूंजे भक्ति के स्वर, श्रद्धा से सराबोर माहौल में 7 दिवसीय कथा की पूर्णाहुति

Reena Sharma
2 Min Read

प्राण-प्रतिष्ठा के छह माह पर हुआ आयोजन

देवघर। प्रेम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के छह माह पूरे होने के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं शिव महापुराण कथा का भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। डॉ. द्विवेश आचार्य के सानिध्य में और वर्ष 2021 में गठित ‘गंगा विश्व शांति सद्भावना धाम’ संस्था के बैनर तले हुए आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

जन्माष्टमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

1 से 7 तारीख तक आयोजित कथा में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन आचार्य उपमन्यु शास्त्री ने किया, जबकि शिव महापुराण कथा डॉ. द्विवेश आचार्य ने सुनाई। जन्माष्टमी के दिन प्रेम मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर भक्ति-श्रद्धा से सराबोर रहा। कथा एवं यज्ञ की पूर्णाहुति के दौरान हुई वर्षा को आयोजकों ने शुभ संकेत बताया।

देवघर की सेवा भावना को किया याद

कार्यक्रम में देवघरवासियों की सेवा भावना की सराहना की गई। ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ और ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सावन में लाखों कांवरियों की देवघरवासी जिस तरह निस्वार्थ सेवा करते हैं, वह शहर की विशिष्ट पहचान है।

Advertisement

आगे भी होंगे बड़े धार्मिक आयोजन

मंदिर समिति के अनुसार प्रेम मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा के दौरान सप्तशती पाठ एवं विशेष अनुष्ठान, महाशिवरात्रि, फरवरी में मंदिर स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा दिवस और जन्माष्टमी जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भविष्य में अन्य संतों एवं प्रसिद्ध कथावाचकों को आमंत्रित कर वृहद धार्मिक आयोजन करने की भी योजना है। मंदिर को धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

Share This Article