बिना पासवर्ड-OTP शेयर किए अकाउंट हो गया खाली? ऐसे चकमा दे रहे हैं साइबर ठग

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : जमशेदपुर में साइबर अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा शहर में सामने आए दो अजीबोगरीब मामलों से लगाया जा सकता है। डिजिटल ठग अब आम जनता को चूना लगाने के लिए नित-नए और हैरान करने वाले तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामलों में शहर और ग्रामीण इलाके के दो अलग-अलग लोगों को कुल 5 लाख रुपये का चूना लगा है। खास बात यह है कि इन वारदातों में ठगों ने सुरक्षा के पारंपरिक तरीकों को पूरी तरह धता बता दिया है।

पहला मामला: बिना लिंक और बिना ओटीपी के गायब हुए 2 लाख
पहली घटना सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के विद्यापतिनगर की है। यहां एक व्यक्ति उस वक्त सकते में आ गया जब उसके बैंक खाते से अचानक 2 लाख रुपये की अवैध निकासी हो गई। पीड़ित के अनुसार, उसने न तो किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया था और न ही अपना कोई ओटीपी या बैंक विवरण किसी के साथ साझा किया था। मोबाइल पर सीधे पैसे कटने का मैसेज आते ही उसके होश उड़ गए। बिना किसी ओटीपी या प्रमाणीकरण के हुई इस सेंधमारी से बैंक अधिकारी और पुलिस दोनों हैरान हैं। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस तकनीकी जांच में जुटी है।

दूसरा मामला: इंस्टाग्राम का एक लुभावना लिंक और उड़ गए 3 लाख
दूसरी घटना घाटशिला की है, जहां साइबर ठगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम को अपना हथियार बनाया। ठगों ने पीड़ित को इंस्टाग्राम पर एक बेहद आकर्षक और लुभावना लिंक भेजा था। जैसे ही पीड़ित ने उत्सुकतावश उस लिंक पर क्लिक किया, उसका फोन कथित तौर पर हैक हो गया। इसके बाद जालसाजों ने पलक झपकते ही बैंक खाते से 3 लाख रुपये पार कर दिए। इस मामले में भी साइबर थाने में केस दर्ज कराया गया है।

Advertisement

पुलिस की तकनीकी टीम खंगाल रही है सुराग
लगातार सामने आ रही इन वारदातों के बाद साइबर थाना पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस की टेक्निकल टीम ट्रांजैक्शन ट्रेल, आईपी एड्रेस और संबंधित बैंक खातों की बारीक से छानबीन कर रही है ताकि इन शातिर साइबर अपराधियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अज्ञात या लुभावने लिंक पर क्लिक करने से बचें और पूरी सतर्कता बरतें।

Share This Article