ब्रिटेन की एकता को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। स्कॉटलैंड, वेल्स और नॉर्दर्न आयरलैंड के नेताओं ने ब्रिटेन से अलग होने की दिशा में आगे बढ़ने और संवैधानिक बदलाव की मांग को लेकर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। कार्डिफ में हुई बैठक के दौरान नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों के भविष्य का फैसला खुद करने के अधिकार पर जोर दिया।
तीनों क्षेत्रों ने मिलकर उठाई अलग भविष्य की मांग
समझौते में कहा गया है कि इन क्षेत्रों का राजनीतिक परिदृश्य बदल रहा है और संवैधानिक बदलाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जरूरत है। नेताओं ने ब्रिटिश सरकार से संभावित संवैधानिक बदलाव के लिए तैयारी और प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने की मांग की है।
स्कॉटलैंड और नॉर्दर्न आयरलैंड में आजादी की मांग तेज
स्कॉटलैंड में स्वतंत्रता और नॉर्दर्न आयरलैंड में आयरलैंड के साथ एकीकरण की मांग लंबे समय से राजनीतिक बहस का मुद्दा रही है। इस घटनाक्रम में पहली बार तीनों क्षेत्रों के नेतृत्व ने एक साथ संवैधानिक बदलाव की दिशा में आवाज उठाई है।
क्या सच में टूट जाएगा ब्रिटेन?
फिलहाल ब्रिटेन का बंटवारा नहीं हुआ है। यह समझौता राजनीतिक और संवैधानिक बदलाव की मांग से जुड़ा है। अलग होने के लिए आगे जनमत संग्रह समेत कई संवैधानिक और राजनीतिक प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। ब्रिटेन की सरकार ने भी तत्काल स्वतंत्रता जनमत संग्रह की संभावना को लेकर आपत्ति जताई है।

