डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:शहर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए, सोमवार को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने साकची स्थित पुलिस अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के भीतर चिकित्सीय इंतज़ामों, साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी।
जीवनरक्षक दवाओं और स्टॉक पर विशेष नजर
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अस्पताल के मेडिकल स्टोर का रुख किया और वहां मौजूद दवाइयों के स्टॉक का बारीकी से मिलान किया। उन्होंने विशेष तौर पर एंटीवेनम जैसी जीवनरक्षक और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ उनके रख-रखाव के तौर-तरीकों की पूरी जानकारी ली।
समय पर इलाज और स्वच्छता पर जोर
अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का मुआयना करने के बाद एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि मरीजों को समय पर सही दवाइयां मिलनी चाहिए और इसके लिए जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हमेशा मेंटेन रखा जाए। उन्होंने अस्पताल की सुविधाओं को और अधिक उन्नत व बेहतर बनाए रखने की हिदायत दी। इस निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक डीएसपी श्रीनीरज सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी और अस्पताल के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

