डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐंतेशाम वकारिब के निर्देशन में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
इस विशेष अभियान में जमशेदपुर पुलिस, कोबरा बटालियन, कोलकाता एसटीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीमें शामिल थी। यह कार्रवाई एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी और कुड़लुंग पहाड़ के साथ-साथ चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में की गई। पुलिस के अनुसार यह पूरा सर्च ऑपरेशन भाकपा माओवादी संगठन से जुड़े मंगल महतो और मालती मुर्मू की निशानदेही पर चलाया गया था।
क्या-क्या हुआ बरामद?
सघन तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा हाथ लगा। कुड़लुंग पहाड़ इलाके से एक इंसास राइफल बरामद की गई। चाकुलिया के जोभी जंगल से एक अत्याधुनिक AKM राइफल, 232 राउंड गोलियां, 5 मैगजीन और एक सीलिंग मिली। इस तरह कुल दो राइफल, 232 चक्र गोली, पांच मैगजीन और अन्य विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम कसने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए इस प्रकार के सर्च अभियान आगे भी जारी रहेंगे। बरामद सभी हथियारों और गोला-बारूद को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है तथा आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

