मुगमा क्षेत्र में अवैध कोयला गतिविधियों के खिलाफ सीआईएफ और ईसीएल सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। सीआईएफ शीतलपुर सीओ राहुल सिंह गौतम के निर्देश पर चापापुर-II OCP में लगातार तीन संयुक्त अभियानों में कुल 112.070 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया। बरामद कोयले को चापापुर-II कोयला डिपो में जमा कराया गया।
तीन अभियानों में बड़ी बरामदगी
पहली कार्रवाई में 97.370 मीट्रिक टन, दूसरी में 10.700 मीट्रिक टन और तीसरी में 4 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद हुआ। कार्रवाई खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई।
अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई
सीआईएफ सीओ राहुल सिंह गौतम ने कहा कि मुगमा क्षेत्र में अवैध कोयला गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है।
सीआईएफ-ईसीएल का संयुक्त अभियान
सीआईएफ रेड, रिकवरी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करता है, जबकि ईसीएल सुरक्षा विभाग महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालता है।
11 खदानों की सुरक्षा बड़ी चुनौती
मुगमा क्षेत्र में 6 ओपन कास्ट और 5 अंडरग्राउंड माइंस संचालित हैं। इतने बड़े खनन क्षेत्र में अवैध कोयला गतिविधियों पर नियंत्रण सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है।
संसाधन बढ़ाने पर जोर
सूत्रों के अनुसार, खासकर रात के अभियानों में वाहनों और श्रमिक सहयोग की कमी से व्यावहारिक दिक्कतें आती हैं। पर्याप्त संसाधनों और बेहतर समन्वय से निगरानी और कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

