डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान जमशेदपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन अफगान नागरिकों के नाम फर्जी तरीके से मतदाता सूची में दर्ज पाए गए थे। इन विदेशी नागरिकों की पहचान मो. इब्राहिम (44 वर्ष), मो. असलम (41 वर्ष) और असिल खान (47 वर्ष) के रूप में हुई है।
कैसे हुआ खुलासा?
यह तीनों आरोपी जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 286 (हिन्दुस्तानी संघ मध्य विद्यालय, गोलमुरी) के मतदान केंद्र संख्या के क्रमशः सीरियल नंबर 30, 31 और 33 पर मतदाता के रूप में सूचीबद्ध थे। पुनरीक्षण के तहत इन्होंने न्यूमरेशन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी और 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में भी इनके नाम शामिल हो गए थे। हालांकि, दस्तावेजों के मिलान और सत्यापन के दौरान विसंगति मिलने पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से इन्हें संदेह के आधार पर नोटिस भेजा गया था।
नोटिस मिलने के बावजूद ये तीनों व्यक्ति कोई भी वैध भारतीय दस्तावेज प्रस्तुत करने में पूरी तरह विफल रहे। इसके बाद जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए रांची स्थित पासपोर्ट कार्यालय से इनके पासपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों की आधिकारिक पुष्टि कराई। पासपोर्ट कार्यालय द्वारा डेटाबेस की जांच के बाद यह साफ हुआ कि ये तीनों संदिग्ध व्यक्ति वास्तव में अफगानिस्तान के नागरिक हैं।
निर्वाचन आयोग और प्रशासन की सख्त कार्रवाई
इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार तीनों अफगान नागरिकों के नाम मतदाता सूची से तुरंत हटा दिए गए हैं और उनके खिलाफ विधिवत एफआईआर दर्ज करने के आदेश दे दिए गए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने जमशेदपुर के डीसी और एसएसपी को एक विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रहा है कि इन विदेशी नागरिकों को भारतीय मतदाता सूची में शामिल कराने में किन स्थानीय लोगों या बिचौलियों ने मदद और साजिश रची थी। इस घटना के बाद निर्वाचन आयोग पूरे राज्य में अलर्ट मोड पर आ गया है प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि कहीं राज्य के अन्य हिस्सों या विधानसभा क्षेत्रों में भी इस तरह के विदेशी नागरिक गैर-कानूनी तरीके से मतदाता तो नहीं बने हुए हैं।

