फारूक ने खुद को बताया पीड़ित, पूछताछ में खुला साजिश का राज
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर थाना क्षेत्र में हुए मोहम्मद इरशाद आलम उर्फ ‘गुड्डू बादशाह’ हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 28 जुलाई 2026 को लाल कुआं चुंगी नंबर-3 इलाके में हुई इस वारदात में गुड्डू बादशाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसका साथी मोहम्मद फारूक घायल हुआ था। शुरुआती जांच में फारूक खुद को पीड़ित और चश्मदीद बता रहा था, लेकिन क्राइम सीन, CDR, फॉरेंसिक साक्ष्यों और उसकी गतिविधियों के विश्लेषण के बाद पुलिस का शक उस पर गहराया। कड़ाई से पूछताछ में उसकी भूमिका सामने आई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सुपौल की पुरानी रंजिश, समझौते के नाम पर रची गई हत्या की साजिश
जांच में सामने आया कि हत्याकांड की जड़ें बिहार के सुपौल जिले की पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ी थीं। मुख्य आरोपी शमशाद और अशफाक सगे भाई हैं और पहले गुड्डू बादशाह के साथ काम करते थे। बाद में दोनों ने अपना अलग गैंग बना लिया, जिसके बाद लेन-देन और इलाके में वर्चस्व को लेकर दुश्मनी बढ़ गई। इसी रंजिश को खत्म करने के बहाने आरोपियों ने गुड्डू बादशाह को बिहार से दिल्ली बुलाया। उसके दिल्ली पहुंचने, ठहरने और मीटिंग तक की पूरी योजना पहले से तैयार थी। लाल कुआं चुंगी नंबर-3 पर मौका मिलते ही आरोपियों ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी।
12 हजार किलोमीटर का ऑपरेशन, अलग-अलग राज्यों से दबोचे गए आरोपी
वारदात के बाद सभी आरोपी पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग राज्यों में फरार हो गए। उन्होंने लगातार ठिकाने बदले, मोबाइल बंद रखे और इंटरनेट कॉलिंग का इस्तेमाल किया। दिल्ली पुलिस की विशेष टीमों ने करीब एक महीने तक ऑपरेशन चलाकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना और तमिलनाडु में लगभग 12,000 किलोमीटर का सफर तय किया। CDR, डिजिटल सर्विलांस, CCTV फुटेज और ट्रैवल पैटर्न के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। मोहम्मद आफताब को तमिलनाडु के तिरुप्पुर से गिरफ्तार किया गया। शमशाद और अशफाक बिहार के एक अन्य मर्डर केस में भी वांटेड थे और करीब एक साल से फरार चल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध हथियार, मैगजीन, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद फारूक, मोहम्मद आफताब, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद शमशाद, मोहम्मद अशफाक, मोहम्मद रहमतुल्लाह उर्फ छोटू, अमन यादव और मोहम्मद शोएब अख्तर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी 8 आरोपियों की साजिश में अलग-अलग जिम्मेदारियां तय थीं, जिनमें लॉजिस्टिक्स, हथियारों की व्यवस्था और पनाह देने जैसी भूमिकाएं शामिल थीं।

