डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र के रोलाडीह गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब फुटबॉल खेलकर लौट रहे खिलाड़ियों ने एक घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया। इस हिंसक झड़प में भाजपा कोवाली मंडल अध्यक्ष श्यामल महाकुड़ के 32 वर्षीय भाई बहादुर महाकुड़ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बीच-बचाव करने उतरे उनके माता-पिता को भी चोटें लगी हैं।
यह पूरा विवाद एक छोटी सी बात से शुरू हुआ था। चाकड़ी पंचायत के दामूडीह गांव के कुछ खिलाड़ी नाचोसाई में फुटबॉल मैच खेलकर अपनी बाइकों से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रोलाडीह गांव में स्थित श्यामल महाकुड़ के घर के पास एक खिलाड़ी ने उल्टी कर दी, जिससे वहां गंदगी फैल गई। घर के सदस्यों ने जब इस पर आपत्ति जताई, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
मामला तब और गंभीर हो गया जब ये खिलाड़ी अपने गांव लौटे और कुछ ही देर बाद लोहे के पाइप और डंडे लेकर करीब 15 से 20 लोगों की भीड़ के साथ दोबारा रोलाडीह गांव पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने सीधे घर में घुसकर बहादुर महाकुड़ को अपना निशाना बनाया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की भनक लगते ही कोवाली थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। वहीं, दूसरी ओर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्यामल महाकुड़ अपने घायल भाई को फौरन इलाज के लिए हल्दीपोखर के एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। इस मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

