लॉन्चर गिरते ही मची अफरा-तफरी
वैशाली के लालगंज में भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे एनएचएआई के एनएच-139 डब्ल्यू फोरलेन पथ पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से 8 मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
6 घायलों का इलाज, 2 गंभीर रेफर
घायलों को आनन-फानन में लालगंज के अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में 6 घायल कर्मचारियों का इलाज किया गया, जबकि गंभीर स्थिति को देखते हुए 2 घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची।
लोहे के नीचे दबा मजदूर का पैर
हादसे के दौरान एक युवक का पैर वजनदार लोहे के नीचे दब गया। उसे राहत देने के लिए सिर पर पानी डाला गया। पैर बुरी तरह दबे होने के कारण उसे निकालना मुश्किल हो रहा था। बाद में मशीन से लोहा काटकर युवक का पैर बाहर निकाला गया।
हादसे की वजह की जांच, सुरक्षा मानकों पर सवाल
हादसे के बाद निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना किस वजह से हुई, इसकी जांच की जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जांच की जा रही है।

