15 कंपनियां, हजारों उम्मीदें: मनातू रोजगार मेले में जुटे युवक-युवतियां

Reena Sharma
2 Min Read

मंगलवार को पलामू उपायुक्त के निर्देश पर मनातू प्रखंड परिसर में प्रखंड स्तरीय रोजगार सृजन मेला-सह-मोबिलाइजेशन कैंप का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न राज्यों की करीब 15 कंपनियों ने हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने पहुंचकर रोजगार के अवसरों की जानकारी ली और आवेदन व चयन प्रक्रिया में भाग लिया।

प्रशिक्षु आईएएस ने किया उद्घाटन

पलामू के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी ऋतिक मेहता ने दीप प्रज्वलित कर रोजगार मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों और रोजगार के अवसरों की जानकारी मिलती है। युवाओं को अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

मौके पर बीडीओ-सह-सीओ मदन कुमार सुमन, पांकी विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता के जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता, जिला परिषद सदस्य प्रदीप कुमार चावला, विधायक प्रतिनिधि उदेश यादव, बीपीएम नम्रता कुमारी, मनातू प्रखंड प्रमुख गीता देवी, सांसद प्रतिनिधि सचिंद्रजीत सिंह उर्फ गोपू सिंह, महिला सम्मान उद्यान समिति के डायरेक्टर मृत्युंजय रतनाकर, नवल किशोर, राजू, रंगेया पंचायत की मुखिया कुसुमी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व युवक-युवतियां उपस्थित रहे।

Advertisement

नम्रता कुमारी के कार्यों की सराहना

मनातू प्रखंड जेएसएलपीएस की बीपीएम नम्रता कुमारी के कार्यों की जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता समेत कई प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सराहना की। उन्होंने उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में उनके कार्यों की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है।

गांव-गांव जाकर करती हैं जागरूक

नम्रता कुमारी मनातू प्रखंड के सुदूर गांवों में जाकर गरीब और जरूरतमंद लोगों को जागरूक करती हैं। वह लोगों को मार्गदर्शन और जरूरी जानकारी देकर बेहतर जीवन जीने के विभिन्न तरीकों से अवगत कराती हैं।

रोजगार के साथ जागरूकता पर जोर

रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं और अवसरों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।

Share This Article