धनबाद। पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत शनिवार को धनबाद रेलवे स्टेशन से दो मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया। उनके पास से यात्रियों के चोरी किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है।
RPF पोस्ट धनबाद और CIB की संयुक्त टीम स्टेशन पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 08 के कतरास छोर पर दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। संदेह के आधार पर जवानों ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक Realme और एक ITEL कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गा राम उर्फ समीर मलिक (25) और बजरंगी डोम (19) के रूप में हुई है। दोनों बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी मार्केट इलाके के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल चोरी की बात स्वीकार की।
इस संबंध में GRPS धनबाद थाना में कांड संख्या 92/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच का जिम्मा सब-इंस्पेक्टर दिलीप कुमार पाल को सौंपा गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। दुर्गा राम के खिलाफ पहले से RPF में मामला दर्ज है, जबकि बजरंगी डोम के विरुद्ध बैंक मोड़ थाना में भी केस दर्ज है।
बरामद मोबाइल पुटकी निवासी सृष्टि रवानी का बताया जा रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में सक्रिय अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।

