धनबाद। हर वर्ष 18 अप्रैल को मनाए जाने वाले विश्व विरासत दिवस के अवसर पर इस बार धनबाद मंडल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दिवस का उद्देश्य ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों के महत्व को समझना तथा उनके संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
वर्ष 2026 के लिए निर्धारित थीम “संघर्षों और आपदाओं के संदर्भ में जीवित विरासत के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया” के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संकट के समय विरासत संरक्षण के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
इसी क्रम में 18 अप्रैल को मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र के नेतृत्व में धनबाद मंडल द्वारा इस दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मंडल द्वारा संरक्षित विभिन्न विरासत वस्तुओं एवं रोलिंग स्टॉक की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शनी में स्काउट एंड गाइड तथा विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों को विरासत वस्तुओं और रेलवे के ऐतिहासिक रोलिंग स्टॉक के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें इस वर्ष की थीम के अनुरूप विरासत संरक्षण के प्रति जागरूक और सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अध्यक्षा प्रिया मिश्र सहित संगठन की अन्य सदस्याएँ, मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस आयोजन ने न केवल विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण संदेश दिया।

