डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा के दौरान सुनसान जगह रुकना एक युवक को भारी पड़ गया। जमशेदपुर से ओडिशा के कोइड़ा जा रहे धनबाद निवासी पंकज कुमार सिंह (28) को बेखौफ अपराधियों ने धारदार हथियारों के बल पर अगवा कर लिया। वारदात को अंजाम देने के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया।
झाड़ियों में ले जाकर की मारपीट, जान से मारने की दी धमकी
जानकारी के अनुसार पंकज सिंह अपनी कार (OD 16 E 0939) से कोइड़ा जा रहे थे। रोइड़ा चौक के पास शौच के लिए कार रोकते ही घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। इनमें से दो अपराधियों ने चेहरे पर मास्क पहन रखा था। इससे पहले कि पंकज कुछ समझ पाते, आरोपियों ने तलवार और भुजाली के दम पर उन्हें पास के घने जंगल में खींच लिया। जंगल में बदमाशों ने पंकज के हाथ-पांव पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया और उनका मोबाइल फोन व 5,000 नकद छीन लिए। भागते समय आरोपियों ने पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, आजाद बस्ती से दबोचे गए अपराधी
पीड़ित द्वारा सूचना मिलते ही बड़बिल थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। एसआई बीपी साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छानबीन शुरू की। महज कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने जोड़ा थाना क्षेत्र की आजाद बस्ती में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
संदीप महाराणा (19 वर्ष): इसके पास से वारदात में इस्तेमाल तलवार बरामद हुई।
नरेश पिंगुआ (25 वर्ष): इसके पास से भुजाली जब्त की गई।
आजाद डांग (19 वर्ष): इसके कब्जे से 1,000 नकद बरामद हुए।
एक आरोपी अब भी फरार, हाईवे पर सतर्कता बरतने की अपील
मामले में शामिल चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बड़बिल पुलिस ने आम जनता और यात्रियों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सुबह-तड़के या देर रात हाईवे पर यात्रा करते समय अत्यधिक सतर्कता बरतें और सुनसान या अनजान स्थानों पर वाहन रोकने से बचें।

