नीचे उतर जाओ…लोग चिल्लाते रहे, ट्रेन की छत पर घूमता रहा युवक, फिर 25,000 वोल्ट के तार ने किया यह हाल

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक खड़ी ट्रेन की छत पर चढ़कर चहलकदमी करने लगा। जब तक लोग उसे रोक पाते, वह ऊपर से गुजर रही 25,000 वोल्ट की हाईटेंशन ओएचई लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आते ही युवक झुलसकर सीधे नीचे आ गिरा। इस सनसनीखेज वाकये से प्लेटफार्म पर यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

मिन्नतें करते रहे यात्री और रेलकर्मी, पर नहीं माना
​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लगभग 30 वर्ष का यह युवक (जिसकी पहचान सागू राम के तौर पर हुई है) प्लेटफार्म पर खड़ी टाउन-दानापुर एक्सप्रेस (टाटा-दानापुर एक्सप्रेस) की छत पर अचानक चढ़ गया। प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने उसे उतरने के लिए काफी शोर मचाया और समझाया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। युवक ट्रेन की छत पर बेफिक्र होकर एक छोर से दूसरे छोर तक घूमता रहा।

असंतुलित होकर गिरा नीचे, अस्पताल में भर्ती
​टहलने के दौरान ही उसका हाथ या शरीर ऊपर से गुजर रहे बिजली के हाई-वोल्टेज तार से छू गया। जोरदार धमाके के साथ बिजली के तेज झटके के कारण युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह बोगी की छत से नीचे आ गिरा। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद रेलकर्मियों और यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए झुलसे युवक को संभाला। आनन-फानन में उसे एम्बुलेंस से पास के अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।

रेलवे की अपील: जान जोखिम में न डालें
​इस दर्दनाक हादसे के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। रेलवे प्रशासन ने घटना पर संज्ञान लेते हुए यात्रियों से सख्त अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के ऊपर गुजरने वाली ओवरहेड तारों में काफी उच्च क्षमता का करंट प्रवाहित होता है, जिसके पास जाने से भी जान का खतरा रहता है। यात्रियों को किसी भी स्थिति में खड़ी या चलती ट्रेन की छत पर न चढ़ने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।

Share This Article