Bihar: प्रशांत किशोर पर भाजपा ने क्यों दर्ज करवाई एफआईआर, जानें क्या लगाया आरोप?

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजियों का दौर जारी है। इस बीच बयानबाजी का एक मामला थाने तक पहुंच गया है। भारतीय जनता पार्टी ने जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रशांत किशोर के खिलाफ गांधी मैदान थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। ये कार्रवाई बिहार भाजपा के कार्यसमिति सदस्य कृष्ण कुमार सिंह ने की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एक मीडिया कॉन्क्लेव के दौरान प्रशांत किशोर ने भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर गलत बयानबाजी की गई।

सम्राट चौधरी को बताया था ‘सातवीं फेल’

भाजपा नेता कृष्णा सिंह ने आरोप लगाया है कि प्रशांत किशोर सुनियोजित तरीके से भारतीय जनता पार्टी और उसके वरिष्ठ नेताओं को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। बीजेपी नेता ने अपनी शिकायत में कहा कि हाल ही में एक मीडिया कॉन्क्लेव में प्रशांत किशोर ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ‘सातवीं फेल’ करार दिया और उनके नाम को भी गलत तरीके से पेश किया। उन्होंने इसे व्यक्तिगत खुन्नस से प्रेरित हमला बताया।

दिलीप जायसवाल की छवि को भी खराब करने का आरोप

इसके अलावा एफआईआर में बताया गया है कि प्रशांत किशोर ने भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की छवि को भी खराब करने का काम किया है। कृष्ण कुमार सिंह ने पुलिस को इन दोनों मामलों में गहराई से जांच करने को कहा है। साथ ही उन पर (प्रशांत किशोर) कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article