गिरिडीह, दुमका व लातेहार में खुलेंगे नए पर्यटन द्वार, झारखंड सरकार का फॉरेस्ट टूरिज्म में बड़ा कदम

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क, रांची : झारखंड में पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण को नया आयाम देने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई झारखंड राज्य वन्यजीव बोर्ड की 15वीं बैठक में गिरिडीह और दुमका में चिड़ियाघर तथा लातेहार में टाइगर सफारी के निर्माण को स्वीकृति मिली है। यह पहल न केवल वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति प्रदान करेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी।

परियोजनाओं का विवरण

  • गिरिडीह जिले में विभिन्न मौजाओं में कुल 333.38 हेक्टेयर संरक्षित वन भूमि पर एक अत्याधुनिक चिड़ियाघर का निर्माण किया जाएगा।
  • दुमका जिले के हिजला पश्चिमी वन क्षेत्र के अंतर्गत 116.35 हेक्टेयर वन भूमि में एक और चिड़ियाघर का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है।
  • लातेहार जिले के पुतवागढ़ संरक्षित वन क्षेत्र (जो पलामू व्याघ्र आरक्ष के बाहर है) में 150 हेक्टेयर क्षेत्र में एक टाइगर सफारी की स्थापना को मंजूरी मिली है।

मुख्यमंत्री के निर्देश और मंत्री का आभार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी संबंधित विभागों को इन परियोजनाओं का कार्यान्वयन पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद व युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने इन ऐतिहासिक निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये पहलें झारखंड को पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक नई और सशक्त पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होंगी। इन परियोजनाओं से प्रकृति-समृद्ध क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। साथ ही वन्यजीव संरक्षण व पर्यावरणीय जागरूकता को भी नया आयाम प्राप्त होगा।

Share This Article