सावन के आखिरी सोमवार पर देशभर के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ जुट रही है। रविवार रात से ही कांवरियों का जत्था जलाभिषेक के लिए जुट रहा है। आखिरी सोमवार पर बिहार के भागलपुर से भी बड़ी संख्या में लोग बाबाधाम में जलाभिषेक के लिए जुटे। आखिरी सोमवारी के ठीक एक दिन पहले दर्दनाक हादसे में 5 कांवरियों की मौत हो गई। ये हादसा भागलपुर में हुआ है।

भागलपुर के शाहकुंड-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर देर रात ये हादसे हुआ। बताया जा रहा है कि कांवरियों का जत्था डीजे गाड़ी पर सवार होकर रविवार को रात करीब 11 बजे निकला। लेकिन, साढ़े 11 बजे के करीब डीजे गाड़ी नदी में पलट गई। इस घटना में कुछ युवकों ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई लेकिन 5 लोगों की मौत हो गई।
पूरे इलाके में शोक की लहर
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी को वहां से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शाहकुंड लाया। इनमें से पांच लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों को इस खबर के बाद गहरा सदमा लगा है।
एक ही गांव के हैं सभी मृतक
मरने वाले सभी शाहकुंड के ही बताये जा रहे हैं। सभी मरने वालों की पहचान संतोष कुमार, मनोज कुमार, विक्रम कुमार, अंकुश कुमार और मुन्ना कुमार के रूप में हुई है। मरने वालों में पुरानी खेरही गांव के तीन और कसवा खेरही गांव के दो लोग हैं। घटना में तीन युवक तैर कर बाहर आ गये, लेकिन वे कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। गाड़ी पर लगभग 12 लोग सवार थे।