बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। सभी राजनीतिक दल तारीखों के ऐलान का इंतजार कर रहे हैं। इससे पहले टिकट को लेकर माथापच्ची जारी है। इस बीच बिहार के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार ने मोकामा सीट से ताल ठोक दिया है। हालांकि, मोकामा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे अनंत सिंह को टिकट मिलने में कुछ शक लग रहा है। इसलिए वो पहले सीएम नीतीश कुमार से मिले। फिर 24 घंटे बाद जेडीयू नेता ललन सिंह के पास गए।

क्या टिकट पर चाहते हैं गारंटी?
मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह जेल से बाहर निकलने के बाद एक्शन मोड में हैं। जेल के बाहर ने के बाद अनंत सिंह ने पहले सीएम नीतीश से मुलाकात की। उसके बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मिलने पहुंचे।ललन सिंह के आवास पर दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई है। इन मुलाकातों के बाद सियासी गलियारों में अटकलें तेज हैं कि वे शीर्ष नेतृत्व से अपनी उम्मीदवारी पर हरी झंडी लेने में जुटे हैं।
क्या मोकामा से टिकट मिलने का भरोसा नहीं?
इन मुलाकातों के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या अनंत सिंह को मोकामा से टिकट मिलने का भरोसा नहीं है? क्या नीतीश कुमार ने उन्हें ललन सिंह से मिलने के लिए कहा है? या फिर उन्हें किसी और सीट से लड़ाने की बात चल रही है? मोकामा सीट पर खुलकर दावा ठोक रहे अनंत सिंह को लगता है कुछ संशय जरूर है।
अनंत सिंह को लेकर उठ रहे विरोध के सुर
अनंत सिंह मोकामा सीट से हमेशा दबदबा बनाए रहे हैं। लेकिन आपराधिक मामलों के चलते उन्हें विधानसभा की सदस्यता खोनी पड़ी। अब जब चुनाव नजदीक हैं, तो वो फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। लेकिन इस बार हालात पहले जैसे नहीं हैं। मोकामा सीट जेडीयू के लिए रणनीतिक रूप से अहम मानी जाती है, लेकिन यहां से एक बड़े क्षेत्रीय नेता लगातार अनंत सिंह का विरोध कर रहे हैं। चूंकि मोकामा, मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के तहत आता है और यह इलाका ललन सिंह का मजबूत गढ़ है, ऐसे में टिकट का फैसला काफी हद तक उन्हीं पर निर्भर माना जा रहा है।
मोकामा से ठोकी ताल
बता दें कि अनंत सिंह ने जेल से निकलने के बाद मोकामा से जदयू के उम्मीदवार के रुप में अपनी दावेदारी पेश की है। अनंत सिंह ने कहा है कि इस बार चुनाव उनकी पत्नी नहीं बल्कि वहीं लड़ेंगे। वहीं, अनंत सिंह के दावा किया है कि चुनाव में राजद को मुश्किल से 15 से 16 सीट आएगा। उन्होंने ये भी कहा कि अगर जदयू तेजस्वी के खिलाफ उनको मैदान में उतारती है तो वो तेजस्वी की जमानत जब्त करवा देंगे।