जमशेदपुर में गोलीकांड का सच आया सामने, पुलिस ने दबोचे 3 शूटर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह ग्वालापट्टी में 5 अगस्त को हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु, विवेक साह और संजय वर्मा उर्फ संजू वर्मा को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी शिवशीष ने बताया कि 5 अगस्त की शाम रवि यादव को कुछ युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। इस संबंध में परसुडीह थाने में कांड संख्या 102/25 दर्ज किया गया था।

क्या हुआ था?

जांच में यह सामने आया कि घायल रवि यादव और निहाल तिवारी के बीच पहले से ही मारपीट हुई थी। हालांकि सुलह हो जाने के बाद भी निहाल तिवारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रवि यादव की हत्या की योजना बनाई।

Advertisement

घटना वाले दिन निहाल तिवारी और समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु एक स्कूटी पर सवार होकर किताडीह ग्वालापट्टी नाले के पास पहुंचे। वहां उन्होंने रवि यादव को देखा। रवि यादव ने जैसे ही समीर को देखा, उसने अपनी गाड़ी रोक दी और उससे झगड़ा करने लगा। इसी दौरान निहाल तिवारी ने अपने बैग से पिस्तौल निकालकर रवि यादव पर पांच से छह राउंड फायरिंग कर दी। हमले के बाद दोनों स्कूटी पर फरार हो गए।

आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार रवि यादव का भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई बार जेल जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

Share This Article