झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव होने जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि राजधानी रांची में 2200 बेड का किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाया जाएगा। इस विश्वस्तरीय अस्पताल में किडनी प्रत्यारोपण (Kidney Transplant) सहित सभी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
ऑस्ट्रेलियाई कंपनी करेगी निवेश
यह अस्पताल झारखंड सरकार और AUSTIN Hospital & Services (Australia) की साझेदारी से बनेगा। कंपनी के CEO आंद्रेई कोल्मोगोरोव ने कहा –
“हमारा लक्ष्य झारखंड को हेल्थकेयर का हब बनाना है। हम बड़ा निवेश करेंगे, लेकिन इस परियोजना को राजनीति से दूर रखना होगा। स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा डालना जनता के साथ अन्याय होगा।”
गंभीर बीमारियों के इलाज में नई सुविधा
झारखंड सरकार पहले से ही मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना चला रही है, जिसके तहत किडनी, लीवर और कैंसर जैसी बीमारियों के इलाज में मरीजों को 15 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है।
राज्य के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हेमोडायलिसिस की सुविधा पहले से उपलब्ध है। अब जल्द ही राज्य में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी शुरू होने जा रही है।
झारखंड को मिलेगी नई पहचान
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा –
“यह मेरे निरंतर प्रयासों और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है कि झारखंड स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई क्रांति की ओर बढ़ रहा है। यह अस्पताल आने वाले समय में न केवल झारखंड बल्कि पूरे पूर्वी भारत के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।”


 
			 
			 
                                 
                             