Bihar: तेजस्वी ने भाजपा-जदयू से पूछे 10 सवाल, भाजपा-जदयू ने दिया ये जवाब

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। खास तौर पर जदयू और राजद के बीच जुबानी जंग बढ़ती ही जा रही है। इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर बीजेपी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में बीते 20 वर्षों को बिहार की दो पीढ़ियों के लिए ‘बर्बादी’ का समय बताया और सरकार से 10 तीखे सवाल पूछे हैं।

तेजस्वी यादव ने गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिलाओं की असुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर नीतीश सरकार को कठघरे में खड़ा किया। तेजस्वी यादव ने जनता से अपील करते हुए कहा, जब वोट मांगने आएं तो भाजपा-जदयू से ये सवाल ज़रूर पूछिए।

तेजस्वी यादव ने जो सवाल पूछे, वे इस प्रकार हैं:

1.बिहार सबसे गरीब राज्य क्यों है?

2.महिलाएं असुरक्षित क्यों हैं?

3.स्वास्थ्य व्यवस्था बेकार क्यों है?

4.अपराध इतना क्यों है?

5.भ्रष्टाचार इतना क्यों है?

6.बेरोजगारी चरम पर क्यों है?

7.पलायन मजबूरी क्यों बना हुआ है?

8.स्कूल भवन क्यों नहीं बनते?

9.उद्योग क्यों नहीं आते?

10.शिक्षा व्यवस्था इतनी जर्जर क्यों है? तेजस्वी ने कहा कि इन सवालों का जवाब भाजपा और नीतीश कुमार कभी नहीं दे पाएंगे।

तेजस्वी का सवाल सामने आने के करीब एक घंटे बाद ही भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाईटेड की ओर से इस मुद्दे पर जवाब दिया गया। भाजपा की ओर से प्रवक्ता नीरज कुमार और जदयू की ओर से प्रवक्ता अभिषेक झा ने वीडियो संदेश जारी कर इन सवालों का जवाब दिया।

तेजस्वी के सवालों का क्रमवार जवाबः

1. बिहार को सबसे गरीब राज्य बनाने का श्रेय लालू-राबड़ी के जंगल राज को जाता है, जहां विकास की जगह भ्रष्टाचार पनपा।

2. महिलाओं की असुरक्षा की जड़ RJD के जंगल राज में है, जब अपराधी खुलेआम घूमते थे और कानून का राज नहीं था। आज महिलाएं रात में भी बिना भय के घर से निकलती हैं। 

3. स्वास्थ्य व्यवस्था की बर्बादी RJD शासन की देन है, जहाँ अस्पतालों में मरीज नहीं कुत्ते घूमते थे। 

4. अपराध की बढ़ोतरी लालू राज में शुरू हुई, जब गुंडे-माफिया राजनेताओं के संरक्षण में फले-फूले।

5. एनडीए का जवाब- भ्रष्टाचार की नींव RJD ने डाली, जहाँ चारा घोटाले से लेकर हर योजना में लूट मची थी।

6. बेरोजगारी की मजबूरी लालू-राबड़ी के शासन की उपज है ।

7. पलायन की मजबूरी RJD के जंगल राज से उपजी, जहाँ रोजगार के नाम पर सिर्फ अपराध और अराजकता थी। आज पलायन में कमी आई है। 

8. स्कूल भवनों की कमी लालू शासन की विरासत है, जब शिक्षा बजट परिवार की जेब में जाता था। आज लगातार स्कूल भवन बन रहे हैं शिक्षकों की बहाली हो रही है। 

9. नए उद्योग-धंधे न लगने का कारण RJD का भ्रष्ट तंत्र है, जिसने निवेशकों को डराकर भगा दिया। आज भी निवेशक लालू राज को याद कर डरते हैं,पर फिर भी निवेश आ रहा है। 

10. शिक्षा व्यवस्था की चौपट हालत RJD के जंगल राज की देन है, जहाँ स्कूलों में पढ़ाई नहीं, सिर्फ राजनीति होती थी। गुंडागर्दी सिखाया जाता था।

Share This Article