बिहार से चीन सीधे होगा कनेक्ट, पटना समेत 4 शहरों से शंघाई के लिए इंडिगो की नई विमान सेवा

Reena Sharma
2 Min Read

पहली बार बिहार से चीन सीधे कनेक्ट होने जा रहा है। अभी तक चीन जाने के लिए कोलकाता या दिल्ली जाकर फ्लाइट पकड़ने होती थी। अब बिहार से ही शंघाई की फ्लाइट में उड़ान भर सकेंगे। दरअसल इंडिगो एयरलाइंस ने बिहार के चार प्रमुख शहरों से नई उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। यह सेवा 29 मार्च से शुरू होगी और इसकी बुकिंग भी प्रारंभ कर दी गई है।

बिहार के चार शहरों से शंघाई के लिए हवाई सेवा

इंडिगो एयरलाइंस ने बिहार के चार प्रमुख शहरों पटना, दरभंगा, गयाजी और पूर्णिया के लोगों को अंतरराष्ट्रीय हवाई सफर की खास सौगात दी है। पहली बार बिहार के इन चार शहरों से शंघाई के लिए हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। फिलहाल इन शहरों से यात्री कोलकाता के रास्ते शंघाई पहुंच सकेंगे।

Advertisement

14 से 15 घंटे में पूरी होगी यात्रा

पटना से कोलकाता होते हुए शंघाई तक एक तरफ का किराया करीब 15,999 रुपये रखा गया है। वर्तमान में बिहार से शंघाई जाने में यात्रियों को लगभग 30 से 32 घंटे का लंबा समय लगता है। लेकिन 29 मार्च से शुरू हो रही इस नई सेवा के बाद, यात्री मात्र 14 से 15 घंटे में अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे। 

यात्रियों को मिलेगी ‘चेक-इन’ की खास सुविधा

बिहार के इन चारों एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले लोगों के लिए सबसे बड़ी सुविधा सामान को लेकर होगी। एक बार अगर यात्री का सामान पटना, गयाजी, पूर्णिया या दरभंगा से बुक हो जाता है, तो उन्हें बीच में कहीं भी उसे रिसीव करने की जरूरत नहीं होगी। यात्री अपना सामान सीधे शंघाई एयरपोर्ट पर ही प्राप्त करेंगे।

बिहार के यात्रियों को बड़ा फायदा

इस सेवा के शुरू होने से बिहार के यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा। अब उन्हें शंघाई जाने के लिए दिल्ली, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद, बेंगलुरु या पुणे जाकर विमान पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इंडिगो एयरलाइंस की पहल से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि व्यापारियों और पर्यटकों को भी बड़ी सहूलियत मिलेगी।

Share This Article