डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: इस साल दुर्गा पूजा में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 सितंबर तक हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 24 और 25 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है।
इन दो दिनों में तेज हवाएं भी चलेंगी, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। बारिश और तेज हवाओं के कारण पूजा समितियों और पंडाल घूमने वालों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम में बदलाव और वज्रपात की संभावना
रविवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री ज्यादा था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था।
मौसम विभाग ने 24 और 25 सितंबर को कुछ इलाकों में वज्रपात यानी बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा में अधिकतम 80% और न्यूनतम 74% आर्द्रता दर्ज की गई।