बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद अब मंत्रालयों का बंटवारा हो गया है। इस बार नीतीश कैबिनेट में बड़ा बदलाव हुआ है। दरअसल कई वर्षों के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह मंत्री अपने पास नहीं रखा है। नीतीश कुमार की नई कैबिनेट में सम्राट चौधरी को गृह मंत्री बनाया गया है। नीतीश कुमार ने 21 साल के दौरान, चाहे वो महागठबंधन के साथ सरकार हो या एनडीए के साथ, कभी भी गृह विभाग अपने अलावा किसी और को नहीं दिया।

वित्त विभाग बीजेपी से निकलकर जेडीयू के खाते में
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के बीच करीब आधे घंटे की बैठक के बाद बिहार मंत्रिमंडल के पूरे विभागों के बंटवारे की सूची राज्यपाल को सौंप दी गयी है। इस बार वित्त विभाग बीजेपी के खाते से निकलकर जेडीयू के खाते में गया है। वित्त विभाग की जिम्मेदारी विजेंद्र यादव को मिली है। विजय कुमार सिन्हा को भूमि और राजस्व विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंगल पांडे को फिर से स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास, विजय चौधरी को जल संसाधन विभाग दिया गया है। अशोक चौधरी को ग्रामीण कार्य विभाग का मंत्री बनाया गया है।
नीतीश के पास न विभागों की भी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन और आवंटन से बचे विभाग अपने पास रखे हैं। बाकी विभागों की सूची इस बार मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के हस्ताक्षर से जारी हुई है।
जानिए किस किस मंत्री को कौन सा विभाग आवंटितः-
| क्रम | मंत्री का नाम | विभाग / मंत्रालय |
| 1 | नीतीश कुमार (मुख्यमंत्री) | 1. सामान्य प्रशासन 2. मंत्रिमंडल सचिवालय 3. निगरानी 4. निर्वाचन 5. ऐसे सभी विभाग जो किसी को आबंटित नहीं |
| 2 | सम्राट चौधरी (उप मुख्यमंत्री) | गृह विभाग |
| 3 | विजय कुमार सिन्हा (उप मुख्यमंत्री) | 1. राजस्व एवं भूमि सुधार 2. खान एवं भू–तत्त्व |
| 4 | विजय कुमार चौधरी | 1. जल संसाधन 2. संसदीय कार्य 3. सूचना एवं जनसंपर्क 4. भवन निर्माण |
| 5 | बिजेन्द्र प्रसाद यादव | 1. ऊर्जा 2. योजना एवं विकास 3. मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन 4. वित्त 5. वाणिज्य–कर |
| 6 | श्रवण कुमार | 1. ग्रामीण विकास 2. परिवहन |
| 7 | मंगल पांडेय | 1. स्वास्थ्य 2. विधि |
| 8 | डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल | उद्योग विभाग |
| 9 | अशोक चौधरी | ग्रामीण कार्य |
| 10 | लेशी सिंह | खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण |
| 11 | नितिन नवीन | 1. पथ निर्माण 2. नगर विकास एवं आवास |
| 12 | मदन सहनी | समाज कल्याण |
| 13 | राम कृपाल यादव | कृषि |
| 14 | संतोष कुमार सुमन | लघु जल संसाधन |
| 15 | सुनील कुमार | 1. शिक्षा 2. विज्ञान, प्राविधिक एवं तकनीकी शिक्षा |
| 16 | मो. जमा खान | अल्पसंख्यक कल्याण |
| 17 | संजय सिंह ‘टाइगर’ | श्रम संसाधन |
| 18 | अरुण शंकर प्रसाद | 1. पर्यटन 2. कला, संस्कृति एवं युवा |
| 19 | सुरेन्द्र मेहता | पशु एवं मत्स्य संसाधन |
| 20 | नारायण प्रसाद | आपदा प्रबंधन |
| 21 | रमा निषाद | पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण |
| 22 | लखेंद्र कुमार रोशन | अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण |
| 23 | श्रेयसी सिंह | 1. सूचना प्राविधिकी (IT) 2. खेल |
| 24 | डॉ. प्रमोद कुमार | 1. सहकारिता 2. पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन |
| 25 | संजय कुमार | गन्ना उद्योग |
| 26 | संजय कुमार सिंह | लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण |
| 27 | दीपक प्रकाश | पंचायती राज |
बिहार चुनाव में बीजेपी ने जीती हैं जेडीयू से ज्यादा सीटें
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 89 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि जेडीयू ने 85 सीटें जीतीं। लोजपा (रामविलास) को 19 सीटें मिलीं और अन्य सहयोगी दलों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। ज्यादा सीटें जीतने के बाद से ही बीजेपी की नजर गृह विभाग से थी। अंदरखाने ये बात सामने आ रही थी कि बीजेपी गृह विभाग से नीचे मानने वाली नहीं है। आखिरकार गृह विभाग बीजेपी के पाले में आ ही गयाय़ सम्राट चौधरी राज्य के नए गृह मंत्री बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग भी बीजेपी के पाले में आ गया है।

