धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्यम नगर स्थित धनबाद–बरवाअड्डा मुख्य सड़क पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े एक महिला और युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस दुर्घटना में 25 वर्षीय युवक रफीक अंसारी तथा एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के अनुसार दोनों बस पकड़ने के लिए सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज गति से आ रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों दूर जा गिरे और कार पोल से टकराकर रुक गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सड़क से उठाया और एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों ने दुर्घटना के लिए तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।
सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार (नंबर JH10CW-2386) को जब्त कर थाना ले गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

