जसीडीह : जसीडीह थाना क्षेत्र के पागलबाबा स्थित दुर्गा मंदिर के ऊपर सोमवार की सुबह काम करने के दौरान मूर्तिकार नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रूपसागर मुहल्ला निवासी भोला दास (70 वर्ष) के रूप में हुई है।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, नहीं बची जान
काम करने के दौरान मूर्तिकार के गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए पास स्थित जसीडीह सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस से सदर अस्पताल देवघर भेज दिया। वहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे को मिली पिता के हादसे की जानकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के पुत्र टिकेट दास सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। मृतक के पुत्र ने बताया कि उनके पिता मूर्ति निर्माण और रंग-रोगन का काम करते थे। सोमवार की सुबह वह पागलबाबा दुर्गा मंदिर में काम करने की बात कहकर घर से निकले थे। कुछ घंटे बाद जानकारी मिली कि उनके पिता मंदिर के ऊपर से गिर गये और गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद स्थानीय लोग व दुर्गा पूजा समिति के सदस्य उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गये, जहां पहुंचने पर उन्हें मृत अवस्था में पाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही थाना से एएसआइ कौशलेंद्र कुमार जवान के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। घटना से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
10 दिनों से कर रहे थे मूर्ति का रंग-रोगन
जानकारी के अनुसार भोला दास ने कुछ वर्ष पहले पागलबाबा दुर्गा मंदिर के ऊपर मूर्ति का निर्माण किया था। दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समिति की ओर से मंदिर का रंग-रोगन कराया जा रहा था। बीते 10 दिनों से भोला दास मंदिर के ऊपर बने मूर्ति का रंग-रोगन कर रहे थे। सोमवार की सुबह वह एक तरफ की मूर्ति का रंग कर दूसरी तरफ जा रहे थे। इसी दौरान वह अचानक ऊपर से नीचे गिर गये।

